गागलहेड़ी (सहारनपुर)। गांव छाछरेकी में बृहस्पतिवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर 55 हजार की नकदी और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरी का पता सुबह चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गांव के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों के आने जाने की गतिविधि कैद हो गई है। चोरों की संख्या पांच थी। चोरी की सूचना पर थाना पुलिस सहित एसपी देहात ने फोरेंसिक टीम व डाग स्कवाड के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
बृहस्पतिवार रात ग्राम छाछरेकी में नवीन कुमार पुत्र धर्मपाल अपने दो मंजिला मकान में बाहर की ओर बने बरामदे में परिवार सहित सोए थे। सुबह लगभग पांच बजे जब वह उठे तो देखा कि पास वाले कमरे के दरवाजे के ताले टूटे थे और अंदर अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। यह देख उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। पीड़ित ने बताया कि अलमारी के लाकर तोड़कर कर चोर 12 तोला सोने के आभूषण और 20 हजार की नकदी ले गए। चोरों ने गांव में ही अपना दूसरा निशाना मदन त्यागी के घर को बनाया। मदन त्यागी के यहां से अलमारी के ताले तोड़ कर चोर चार तोले सोने के आभूषण और 35 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। यहां चोर जाते वक्त बाहर से कुंडा लगा गए। सुबह होने पर जब दरवाजा नहीं खुला तो फोन करके पीड़ितों ने पड़ोसियों से अपना दरवाजा खुलवाया।
एक ही गांव के दो घरों में चोरी की घटना होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी देहात सूरज राय भी फोरेंसिक टीम और डाग स्कवाड के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। उन्होंने थाना प्रभारी सुनील नेगी को घटना के खुलासे के दिशा निर्देश दिए। मदद के लिए बिहारीगढ़ थाना प्रभारी बीनू सिंह को भी लगाया गया है। सीओ सदर नीरज सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चोरों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
चोरी की घटना के बाद मौके पर जांच पड़ताल करती डाग स्कवाड- फोटो : SAHARANPUR
गागलहेड़ी में चोरी की घटना के बाद मौके पर जांच करते एसपी देहात- फोटो : SAHARANPUR