कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने को एसडीएम ने सौंपी जिम्मेदारी
नकुड़। कांवड़ यात्रा को सफलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। एसडीएम युगराज सिंह ने बृहस्पतिवार को विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। इसमें प्लान तैयार करते हुए अधिनस्थों को दिशा-निर्देश देते हुए समय पर तैयारियां पुख्ता करने को कहा। तहसील सभागार में बैठक के दौरान एसडीएम युगराज सिंह ने कांवड़ मार्ग पर प्रकाश, सफाई, पेयजल, चिकित्सा आदि की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इसके लिए अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी तय की गई है। लोनिवि को मार्ग को दुरुस्त करने तथा कांवड़ मार्ग के दोनों ओर से भांग व झाड़ियों को साफ कराकर 15 जुलाई तक रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। खाद्य सुरक्षा के अभिहीत अधिकारी को होटल-ढाबों पर अनिवार्य रूप से रेट लिस्ट चस्पा कराने और खाद्य पदार्थों की लगातार चेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस को नये कांवड़ शिविर लगाने की अनुमति नहीं दिए जाने तथा शिविर में काम करने वाले कर्मचारियों के चरित्र की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा के दौरान मार्ग पर पड़ने वाली सभी मीट की दुकानें बंद कराने तथा नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने को जिला आबकारी अधिकारी को लगातार ढाबों, पान आदि की दुकानों का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कोतवाल यशपाल सिंह, सीएचसी अधीक्षक डा. रोहित वालिया, कानूनगो राहुल कुमार, जल निगम से सुरजीत यादव, फूड सेफ्टी अधिकारी मनोज कुमार सहित बिजली, सिंचाई, जिला पंचायत व नगर पालिका नकुड़, सरसावा, अंबेहटा व तीतरों सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।