बड़गांव (सहारनपुर)। प्रदूषण विभाग व तहसीलदार रामपुर मनिहारन ने क्षेत्र के दो ईंट भट्ठों पर छापा मारकर सील किया है। भट्ठा स्वामियों ने प्रमाण पत्र तो लिया ही नहीं था, बल्कि प्रदूषण विभाग के नोटिसों का जवाब भी नहीं दे रहे थे। प्रदूषण विभाग ने जिले के भट्ठा स्वामियों को प्रमाण पत्र लेने के लिए नोटिस जारी किये थे। इनमें से कुछ लोगों ने प्रदूषण प्रमाण पत्र लेना जरूरी नहीं समझा। क्षेत्र में ऐसे ही दो भट्टा स्वामियों वाणी ब्रिक फील्ड खुदाबक्शपुर माजरा व बाबा बिशंबर नाथ ब्रिक फील्ड सिरसली कलां पर कार्रवाई करते हुए प्रदूषण विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ सील कर दिया। टीम में नायब तहसीलदार भोपाल सिंह, सहायक प्रदूषण नियंत्रण अभियंता जेपी सिंह, अवर अभियंता फरेश कुमार सहित पुलिस बल शामिल रहा।