नागल। सोमवार सुबह नागल टपरी मार्ग पर सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव टपरी कला निवासी 55 वर्षीय नाथीराम पुत्र इंद्रसैन कश्यप सुबह करीब 6 बजे नागल की ओर आ रहा था कि हिंडन नदी के पुल व गांव लाखनौर के बीच उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी जेब से मिले मोबाइल के आधार पर उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर सड़क हादसा मानते हुए बिना किसी कार्रवाई के शव अपने साथ ले जाने के लिए पुलिस को लिख कर दे दिया। इसके बाद वे शव को अपने साथ ले गए।