बेहट (सहारनपुर)। मंगलवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत तहसील परिसर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से बेटियों को समान शिक्षा दिलाने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए एसडीएम वैभव शर्मा ने कहा कि पढ़ी लिखी बेटी दो घरों में शिक्षा की अलख जगाती है। इसलिए हमें बेटियों को उनके अधिकार से वंचित नहीं रखना चाहिए और बेटा-बेटी को समान रूप से शिक्षित बनाना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को त्यागने का भी आह्वान किया। इसके बाद कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया गया। इस मौके पर अरशद, परवेज, गीता चौहान, विधि, नेहा, हर्ष आदि मौजूद रहे।