कृषि ऋण मोचन योजना का लाभ दिलाने की मांग
छुटमलपुर। पुवांरका ब्लॉक के गांव बड़कलां निवासी एक किसान को विभागीय कर्मचारियों की गलती के चलते ऋण मोचन योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। किसान ऋषिपाल ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में अवगत कराया कि उसके पास मात्र आठ बीघा खेती की जमीन है और उसके पास यूनियन बैंक का एक लाख 85 हजार रुपये का ऋण है। आरोप है कि विकास भवन में इंटरनेट पर गलती से उसके नाम 79 बीघा जमीन दर्शा दी गई है। इस कारण उसे सरकार की कृषि ऋण मोचन योजना का लाभ नहीं मिल सका है। पीड़ित ने जांच करा कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही उसे ऋण मोचन योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।