खुराफाती बना रहे धर्मस्थलों को निशाना : गुप्ता
देवबंद। हनुमान मंदिर में भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं के साथ दूसरे संप्रदाय के युवक द्वारा नशे की हालत में अभद्रता करने के मामले की श्री पंचायती ठाकुरद्वारा सभा ने कड़ी निंदा की है। बृहस्पतिवार को मंदिर में आयोजित बैठक में अध्यक्ष विनोद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि खुराफाती धर्मस्थलों को लगातार निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर में खुराफाती तत्वों ने भगवान की मूर्ति को खंडित कर दिया था। वहीं पिछले वर्ष ठेला रोड स्थित मंदिर में भी मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया था। लेकिन प्रशासन खुराफाती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं करता है। इस कारण उनके हौसले बुलंद हैं और वह मौका मिलते ही फिर से मंदिर को निशाना बनाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं। उन्होंने प्रशासन से खुराफाती तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संचालन अशोक गुप्ता ने किया। बैठक में ब्रहम सिंह पुंडीर, राकेश अग्रवाल, राधेश्याम गर्ग, सुशील गुप्ता, पवन धीमान, मुकेश गर्ग, ऋषिपाल कश्यप, रमन हरि गुप्ता, पवन पाल, श्रवण सिंघल आदि मौजूद रहे।