सहारनपुर। मेला गुघाल में पार्किंग के निर्धारित शुल्क से अधिक रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पार्षदों के हंगामे के बाद नगर निगम ने पार्किंग ठेका बंद करा दिया, साथ ही ठेकेदार पर दो लाख का जुर्माना भी लगाया गया है।
दरअसल, पार्किंग के लिए दोपहिया वाहन 20 और चौपहिया वाहनों के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया था। सोमवार रात 11 बजे मेले के वाइस चेयरमैन फहाद सलीम और वाइस चेयरमैन सुलेख चंद पार्षदों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। फहाद सलीम और पार्षद राजेंद्र सिंह कोहली के पुत्र साहिब से भी दोपहिया वाहन के लिए 50-50 रुपये वसूले गए हैं। पैसा चुकाने के बाद वाइस चेयरमैन और पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। ठेकेदार से रसीद बुक छीन ली गई। हंगामा बढ़ता देख ठेकेदार वहां से निकल गया। हंगामा करने वालों में पार्षद दल नेता संजय गर्ग, नदीम अंसारी भी शामिल रहे। अगले दिन मंगलवार को नगर निगम पहुंचकर मेला अधिकारी/अपर नगरायुक्त राजेश यादव से मुलाकात कर मेले में इस तरह की अवैध वसूली बंद कराने की मांग की। नगर निगम ने ठेका बंद कराकर जुर्माना भी लगाया है।
मेला परिसर से बाहर चल रही पार्किंग
ठेका मेला परिसर यानी अंबाला रोड पुल से लेकर अंदर बने सड़कों के त्रिकोण तक का है, लेकिन मनमाने तरीके से पार्किंग चल रही हैं। पार्षद राजेंद्र कोहली और फहाद सलीम ने बताया कि अंबाला रोड, जो मेला परिसर का हिस्सा नहीं है। उसके फुटपाथ तक पर वाहन पार्क कराकर वसूली की जा रही है।
जनता से पार्किंग या किसी भी तरह अवैध वसूली करना गंभीर मामला है। वाइस चेयरमैन और पार्षदों की शिकायत के बाद जांच की गई, जिसमें अवैध वसूली किया जाना साबित हुआ है। पार्किंग को बंद कराने के साथ ही दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
- राजेश यादव, मेला अधिकारी/अपर नगरायुक्त