-परीक्षा के लिए कुल 29 केंद्रों पर 13,595 अभ्यर्थियों को देनी थी परीक्षा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जनपद के 29 केंद्रों पर हुई पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2023 में करीब 50 फीसदी अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए केंद्रों पर कड़े बंदोबस्त किए गए थे। जिसकी वजह से दोनों पालियों की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न करा ली गई।
परीक्षा दो पालियों में सुबह 9:30 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक तथा दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक हुई। पहली पाली की परीक्षा के लिए ज्यादातर अभ्यर्थी केंद्रों पर सुबह आठ बजे से पहुंचना शुरू हो गए थे। अन्य राज्यों और दूर के जनपदों से आए अभ्यर्थियों को केंद्र तलाशने में परेशानी भी हुई। केंद्रों में एंट्री के समय भारी पुलिस बल तैनात रहा।
अभ्यर्थियों के मोबाइल और अन्य प्रतिबंधित सामान बाहर ही रखवा लिया गया था। आधा घंटा पहले एंट्री हो चुकी थी। सभी 29 केंद्रों पर कुल 13,595 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 6,998 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 6,597 गैरहाजिर रहे। उपस्थित अभ्यर्थियों का प्रतिशत 51.47 फीसदी, जबकि अनुपस्थित का प्रतिशत 48.53 फीसदी रहा।
दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से हुई। इसके लिए भी आधा घंटा पहले एंट्री दे दी गई थी। दूसरी पाली की परीक्षा में 13,595 अभ्यर्थियों में से 6,880 अभ्यर्थी शामिल हुए। यानी पहली पाली की तुलना में 118 अभ्यर्थी कम बैठे। जबकि 6,715 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 50.60 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित, जबकि 49.40 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सीसीटीवी और वायस रिकॉर्डर की निगरानी में हुई। अधिकारियों के दल ने केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था पर नजर रखी।
मुश्किल रहा प्रश्न पत्र, व्यवस्था ठीक रही
गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज में सीतापुर से परीक्षा देने पहुंचे यूपी पुलिस के सब इंस्पैक्टर विपिन सैनी ने बताया कि वह पीसीएस की परीक्षा पहली बार दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इतिहास, राजनीति शास्त्र और अर्थ शास्त्र सहित कईं विषयों के सवाल थे। प्रश्न पत्र को आसान नहीं कह सकते।
टपरी से परीक्षा देने आए रुस्तम ने बताया कि वह दूसरी बार पीसीएस की परीक्षा दे रहे हैं। पिछली बार की तुलना में इस बार प्रश्न पत्र आसान रहा है। उन्होंने बताया कि वह कईं साल से तैयारी में जुटे हैं। उसकी वजह से भी प्रश्न पत्र आसान लगा होगा।
गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचे मोहम्मद आवेश ने बताया कि वह एसडीएम संजीव कुमार के अधीन संविदा की नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि एसडीएम ने तैयारी में उनको बहुत सहयोग किया। शायद इसी वजह से पहली पाली की परीक्षा सही रही।
हरियाणा के फरीदाबाद से परीक्षा देने पहुंची निकोशिया ने बताया कि वह पहली बार पीसीएस की परीक्षा दे रही है। प्रश्न पत्र मुश्किल रहा, लेकिन उसने सभी सवाल हल करने की काेशिश की है। अब दूसरी पाली की परीक्षा पर निर्भर करेगा कि क्या रहेगा।