बेहट (सहारनपुर)। फतेहपुर कलां स्थित जय किसान शाकंभरी देवी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को छात्र संसद का चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें 16 कक्षाओं से 31 कक्षा प्रमुखों ने प्रधानमंत्री पद के लिए मतदान किया, जबकि एक प्रतिनिधि अनुपस्थित रहा। प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया कि 30 अगस्त को विद्यालय की छात्र संसद का चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया था। एक सितंबर को नामांकन जमा कराने के साथ ही उनकी जांच की गई और चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए थे। चुनाव अधिकारी डॉक्टर सुनील कुमार की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव में प्रधानमंत्री पद के लिए तीन छात्र-छात्राओं ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें काजल सैनी कक्षा 11 (अ), लोकेश कुमार कक्षा 11 (ब) व ललित धीमान 12 (ब) शामिल है। चुनाव अधिकारी ने बताया कि 16 कक्षाओं से 31 कक्षा प्रमुखों ने मतदान किया। परिणाम दस सितंबर को घोषित किए जाएंगे। मतदान के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी गोपाल सिंह, अरुणा चौहान, छात्र संसद के सर्व विभाग प्रमुख संजय कुमार आदि की मौजूदगी रही। इससे पूर्व विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक प्रतिनिधि डा. सुरेंद्र चौहान ने मतदान स्थल का निरीक्षण किया।