बेहट (सहारनपुर)। अलीपुरा नौगांवा निवासी एक किसान के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में बृहस्पतिवार की रात आग लग गई। सुबह उठकर आसपास खेतों में काम करने गए अन्य किसानों ने जली हुई फसल देखकर पीड़ित किसान को सूचना दी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव अलीपुरा नौगांवा निवासी वीरेंद्र पुत्र ऋषिपाल की भिक्खनपुर मजरे के पास सात बीघा जमीन है, जिसमें उसकी गेहूं की फसल तैयार खड़ी थी। रात में किसी समय फसल में आग लग गई। सुबह होने पर जब गांव के कुछ किसान अपने खेतों में काम करने गए तो वीरेंद्र की गेहूं की फसल जली हुई देखकर उन्होंने उसे सूचना दी। पीड़ित किसान मौके पर पहुंचा। मौके पर पूरी फसल जलकर राख हो चुकी थी।