डेंगू से महिला की मौत
गंगोह। मौसम में ठंडक आने के बावजूद नगर और देहात में बुखार की तीव्रता में कोई कमी नहीं आई है। ग्रामीण अभी भी डेंगू, मलेरिया और टायफाइड बुखार से तप रहे हैं। नगर के मोहल्ला बाहुदीन निवासी 36 वर्षीय महिला रानी को चार दिन पूर्व बुखार आया था। परिजनों ने पहले स्थानीय चिकित्सक से उसका उपचार कराया परंतु आराम ना होने पर उसे सहारनपुर में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बावजूद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई तो चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे देहरादून स्थित अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने डेंगू होने की पुष्टि की। इलाज के चलते ही शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। इसके अलावा अनेक लोग बुखार से पीड़ित हैं। सीएचसी में आने वाले बुखार पीड़ितों की संख्या में भी कोई खास कमी नही आई है।