गंदगी देखकर भड़क गए मंडलायुक्त
सहारनपुर। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बृहस्पतिवार औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र तथा कम्पनी बाग का औचक निरीक्षण के दौरान व्याप्त गंदगी पर भड़क गए और नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि कम्पनी बाग की समुचित सुरक्षा व सफाई सुनिश्चित कराने के लिए एक कार्ययोजना बनाये, जिससे शासन से समुचित धनराशि आवंटित कराया जा सकें। मंडलायुक्त बृहस्पतिवार शाम लगभग 5 बजे के आस-पास कम्पनी बाग का औचक निरीक्षण के दौरान यह निर्देश दिये। उन्होंने औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र के संयुक्त निदेशक को निर्देश दिये कि कम्पनी बाग में आने वाले आगंतुकों को कोई कठिनाई न हो, इसका समुचित ख्याल रखा जाये। उन्होंने परिसर में सुरक्षा के भी इंतजाम कराये जाने आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने समुचित देख-रेख के साथ ही जगह-जगह घास को छोटा करने तथा टूटी हुई पेड़ की टहनियों को हटाये जाने के निर्देश दिये। प्रिंसर में औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र के संयुक्त निदेशक राजेन्द्र प्रसाद ने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए मंडलायुक्त से आग्रह किया। मंडलायुक्त ने सभी समस्याओं को ध्यान से सुनकर उनके निस्तारण का आश्वासन दिया।