सहारनपुर। यूपी बोर्ड की दसवीं और 12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन आज से शुरू हो रहा है। मूल्यांकन के लिए जनपद में पांच केंद्र बनाए गए हैं। 18 मार्च से एक अप्रैल तक यानी 15 दिन में दसवीं और 12 वीं की 4.10 लाख कॉपियां जांची जाएंगी। इसके लिए दो हजार शिक्षकों को लगाया गया है, जिनमें 200 उप प्रधान परीक्षक और 1800 परीक्षक तैनात किए गए हैं।
जिन कॉलेजों को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। उनमें एसएएम इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज, एसडी इंटर कॉलेज और जेवी जैन इंटर कॉलेज शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट रहेगा, जिसकी निगरानी में मूल्यांकन चलेगा। पहले दिन परीक्षक नमूना कॉपी जांचेंगे। इसके लिए उनको 20-20 कॉपियां दी जाएंगी। साथ ही अधिकारियों द्वारा परीक्षकों को मूल्यांकन की नीति से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद 19 मार्च से मूल्यांकन नियमित रूप से शुरू होगा।
जनपद में कुल 4,09,999 कॉपियां जांच के लिए आई हैं। इनमें 12वीं की 1,95,161 तथा दसवीं की 2,14,838 कॉपियां शामिल हैं। एक परीक्षक एक दिन में अधिकतम 50 कॉपी जांचेगा। इसी लिए करीब दो हजार परीक्षक लगाए गए हैं, जिनमें करीब 200 उप प्रधान परीक्षक और शेष परीक्षक रहेंगे। मूल्यांकन का समय सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक रहेगा।
सीसीटीवी की निगरानी में होगा
मूल्यांकन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परिषद ने मूल्यांकन सीसीटीवी की निगरानी में कराने के आदेश दिए हैं। यही वजह है कि प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी और वायस रिकॉर्डर से लैस कक्षों को मूल्यांकन कक्ष बनाया गया है, जिससे मूल्यांकन से अलग किसी भी गतिविधि पर नजर रखी जा सके। कॉपियों को भी केंद्रों के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है, जहां सीसीटीवी के साथ ही कर्मचारी भी लगाए गए हैं।
लापरवाही की तो होगी कार्रवाई
मूल्यांकन में लापरवाही मिलने पर हाथ के हाथ कार्रवाई होगी। डीआईओएस हर मूल्यांकन केंद्र का लगातार निरीक्षण करते रहेंगे। कक्षों में जाकर जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं का रैंडम निरीक्षण करेंगे। मूल्यांकन से गायब रहने वाले परीक्षकों पर कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही परीक्षकों को कॉपियों के मूल्यांकन में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। मूल्यांकन में दो प्रतिशत तक त्रुटि मिलने पर 85 फीसदी तक पारिश्रमिक में कटौती की जाएगी।
मूल्यांकन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मूल्यांकन पांच केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में होगा। जनपद में करीब 4.10 लाख कॉपियां जांची जाएंगी। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेगा, जिसकी निगरानी में मूल्यांकन होगा। हम लोग मूल्यांकन केंद्रों पर जाकर व्यवस्था को देखेंगे।
- योगराज सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक
जगदीप कुमार