सहारनपुर। केंद्र सरकार के अंतरिम बजट में भले ही जिले को कोई नई ट्रेन नहीं मिली, लेकिन निर्माणाधीन देवबंद-रुड़की रेलमार्ग के लिए 350 करोड़ का बजट जारी किया गया है। दरअसल, रेलमार्ग के लिए कुल मिलाकर 1047 करोड़ रुपये स्वीकृत है। इसमें कुछ राशि पहले जारी हो चुकी है, जबकि कुल स्वीकृत बजट में से वर्ष 2024-25 के लिए 350 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इससे रेलवे लाइन के कार्य में गति मिलेगी। इस नई रेलवे लाइन बिछने से से यात्रियों को खासी राहत मिलेगी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को अंतरिम बजट पेश किया। रेलवे ने बजट की पिंक बुक भी जारी कर दी है। जनपद के लोगों को रेलवे में नई सौगात मिलने की उम्मीद थी, मगर ऐसा नहीं हुआ। मुजफ्फरनगर से रुड़की के बीच नई रेलवे लाइन बनने की रेलवे ने वर्ष 2006 में बनाने घोषणा की थी। नई रेल लाइन बनाने के लिए कई बार मुआवजे व कोरोना को लेकर निर्माण कार्य धीमी गति से चला। पिछले दो सालों से रेलवे लाइन के निर्माण कार्य में तेजी आई है। देवबंद से रुड़की तक 27.45 किलोमीटर लंबी यह रेलवे लाइन बननी है। जिले के 14 गांवों से 17 किलोमीटर रेलवे लाइन बनाई जाएगी। हरिद्वार जनपद में करीब 11 किलोमीटर रेलवे लाइन बनाई जाएगी, जिसके लिए 11 गांवों के किसानों की भूमि अधिग्रहीत की गई है।
33 किलोमीटर दूरी हो जाएगी कम
देवबंद से रुड़की तक नई रेल लाइन बनने से यात्रियों को इसका लाभ होगा। दिल्ली से रुड़की तक की दूरी 33 किलोमीटर कम हो जाएगी। ट्रेन अभी तक रुड़की वाया टपरी होकर जाती है। नई लाइन बनने से देवबंद से सीधे रुड़की जाएगी। दूरी कम होने पर यात्रा में समय बचेगा और किराया भी कम होगा।
इन गांवों से होकर गुजरेगी ट्रेन
नई रेलवे लाइन जनपद के 14 गांवों जाटौल, मंझौल जबरदस्तपुर, नियामत, बंहेड़ा खास, माजरी, साल्हापुर, राजपुर उर्फ रामपुर, दुनीचंदपुर, असदपुर करंजाली, चकराम बाडी, दिवालहेड़ी, नूरपुर, देबवंद हदूद से होकर गुजरेगी। बंहेड़ा और झबरेड़ा में स्टेशन बनेगा।