-शामली मिल के 20 खरीद केंद्र काटने की लखनऊ गन्ना आयुक्त को भेजी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। किसानों का संपूर्ण गन्ना भुगतान न करने पर जिले की चीनी मिलों के गन्ना खरीद केंद्र काटने के लिए गन्ना सहकारी समितियों के प्रस्ताव तैयार होने शुरू हो गए है। शामली गन्ना सहकारी समिति की ओर से शामली चीनी मिल के 20 खरीद केंद्र काटने की संस्तुति करके उत्तर प्रदेश गन्ना आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव को लखनऊ कार्यालय में पत्रावली भेज दी गई है।
बताया गया कि थानाभवन समिति के नौ खरीद केंद्र सहारनपुर जिले की देवबंद, शेरमऊ, तितावी को आवंटित करने की रिपोर्ट बुधवार को लखनऊ गन्ना आयुक्त को चली जाएगी। सितंबर के आखिरी सप्ताह और अक्तूबर माह में लखनऊ में होने वाली गन्ना संरक्षण बैठक में जिले की चीनी मिलों के खरीद केंद्र कटने और नई चीनी मिलों को गन्ना खरीद केंद्र आवंटन किए जाने पर मुहर लगेगी। किसानो का संपूर्ण गन्ना भुगतान किए जाने और शामली चीनी मिल के खरीद केंद्र दूसरे जिलों की चीनी मिलों को आवंटित किए जाने की मांग को लेकर किसानों का बेमियादी धरना शामली गन्ना सहकारी समिति कार्यालय में पिछले 16 दिन से जारी है। शामली, थानाभवन मिल के संपूर्ण गन्ना खरीद केंद्र और ऊन चीनी मिल के दस खरीद केंद्र दूसरी चीनी मिलों को आवंटित करने की जिले की गन्ना समितियों की ओर से प्रस्ताव किसान और समिति के डेलीगेट, संचालक कर चुके हैं। किसानों के दबाव में शामली गन्ना सहकारी समिति ने शामली चीनी मिल के कुल 29 खरीद केंद्रों में से 20 खरीद केंद्र काटने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है।
शामली गन्ना सहकारी समिति के सचिव मुकेश राठी ने बताया है कि शामली चीनी मिल के 29 खरीद केेंद्रों में 20 खरीद केंद्र काटकर दूसरे जिले की चीनी मिलों को आवंटित करने का प्रस्ताव लखनऊ में प्रदेश के गन्ना आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव प्रभु नारायण सिंह को भेज दिया है। शामली चीनी मिल के गन्ना खरीद केंद्र कटने वालों में बधेव, सिंभालका, लिलौन, कसेरवा, बनत, गोहरनी गांव है। ऊन गन्ना सहकारी समिति के सचिव अजीत सिंह ने बताया कि समिति की गन्ना संरक्षण बैठक में दस खरीद केंद्र ऊन चीनी मिल के काटने के लिए किसानों के प्रस्ताव आए थे। जिनमें पांच खरीद केंद्र ऊन चीनी मिल के काटकर सहारनपुर जिले की शेरमऊ को भेजने की संस्तुति की जाएगी। दूसरी ओर थानाभवन गन्ना सहकारी समिति के पूर्व चेयरमेन अशोक कुमार खेडा ने बताया कि बजाज समूह की थानाभवन मिल को किसान गन्ना नहीं देना चाहता है। थानाभवन मिल के सभी खरीद केंद्र शेरमऊ, देवबंद और तितावी को दिए जाने के प्रस्ताव तैयार कराए जाएंगे। सहारनपुर जिले की शेरमऊ, देवबंद और तितावी के गन्ना महाप्रबंधक थानाभवन मिल का खरीद केंद्र लेने को तैयार है।
थानाभवन गन्ना समिति के सचिव भास्कर रघुवंशी ने बताया कि थानाभवन चीनी मिल के हिरनवाड़ा के तीन खरीद केंद्र, कैल शिकारपुर के दो, जाफरपुर, ज्ञानमाजरा, टांडा में नौ खरीद केंद्र काटने की रिपोर्ट तैयार करके बुधवार को लखनऊ गन्ना आयुक्त को भेजी जाएगी। डीसीओ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि जिले की गन्ना सहकारी समिति गन्ना संरक्षण बैठक में आए प्रस्तावों को तैयार करके सीधे गन्ना आयुक्त लखनऊ को भेज सकती है। खरीद केंद्र काटने और नई चीनी मिलों को आवंटन करने का अधिकार प्रदेश के गन्ना आयुक्त को है।