बड़गांव (सहारनपुर)। बछड़े को जंगल में छोड़ने जा रहे किसान को रात में गश्त कर रही पुलिस ने पकड़ लिया। रातभर हवालात में रहने के बाद युवक ने पहले निजानंद आश्रम में 11 हजार रुपये की दान की रसीद कटवाई। इसके बाद बछड़े का खुद ही पालने का विश्वास दिलाया जिसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ा। रविवार की रात जड़ौदा पांडा निवासी युवक अपने पालतू एक गोवंश को जंगल में छोड़ने के लिए आयशर ट्रैक्टर के पीछे बांध कर ले जा रहा था। इसी बीच रात में गश्त पर निकले बड़गांव थाना प्रभारी संजीव कुमार ने उसे देखा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। माजरा पता चलने पर बछड़े को निजानंद आश्रम शेरपुर में छोड़ दिया गया। पुलिस आरोपी युवक को ट्रैक्टर सहित थाने ले आई। सुबह हिरासत में लिए युवक को छुड़ाने पहुंचे ग्रामीणों के समक्ष थाना प्रभारी ने आर्थिक दंड देते हुए निजानंद आश्रम शेरपुर में 11 हजार रुपये की राशि दिए जाने और बछड़े को वापस घर ले जाकर पालने की चेतावनी देकर छोड़ा। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि यदि किसी किसान ने अपने पालतू गोवंश कोे खुले में छोड़ा तो अब उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि इसको लेकर गांव गांव में मुनादी भी कराई जा रही है।