गागलहेड़ी। सावन मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर भगवानपुर व गागलहेड़ी एसओ ने ट्रैफिक रूट प्लान के साथ सुरक्षा सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर उत्तराखंड के भगवानपुर एसओ राकेश चौहान व गागलहेड़ी के एसओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बेहतर तालमेल के लिए सुरक्षा व्यवस्था संबंधी जानकारियां साझा की तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए संसाधनों के बारे में एक दूसरे से जानकारी ली। एसओ जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि गागलहेड़ी से भगवानपुर मार्ग पर सिर्फ पैदल कांवड़ियों व उनके साथ वापसी कर रहे वाहनों को चलने दिया जाएगा तथा अन्य वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वार्ता के दौरान उत्तराखंड व प्रदेश के काली नदी चौकी प्रभारी मौजूद रहे।