नागल (सहारनपुर)। थाना परिसर में रविवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती एवं सहकारी समिति चुनाव के मद्देनजर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें एसडीएम देवबंद रामविलास यादव ने कहा कि क्षेत्र के करीब 30 गांव में जयंती के उपलक्ष्य में शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि शोभायात्रा में नशे से दूरी बनाते हुए शांतिपूर्ण तरीके से मिलजुल कर त्योहार मनाए। जयंती को लेकर किसी गांव में विवाद है तो समय से पुलिस को सूचना दे। सीओ देवबंद सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि गांव देहात में छोटी बात बड़ी घटना का कारण बन जाती है। ऐसे में जिम्मेदार लोगों का फर्ज बनता है कि वे दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामले को शांत करें। बैठक में थाना प्रभारी छोटे सिंह, इन्द्रेश त्यागी, सुरेश प्रधान आदि ने भी विचार रखे। राजबीर प्रधान, रामपाल सिंह, निन्हा प्रधान, कुशलपाल राणा, अमजद प्रधान, नईम अहमद, नरेंद्र त्यागी, सोमेंद्र, वेदप्रकाश, शांति राणा, काला आदि मौजूद रहे।