सहारनपुर। डेंगू से एक युवती की जान चली गई। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। डेंगू से जनपद में अभी तक कई मौत हो चुकी हैं। नया बांस चौक निवासी अहमद मलिक की 20 वर्षीय बेटी समरीन मलिक को बृहस्पतिवार को बुखार आया था। परिजनों उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए। जांच में समरीन की प्लेटलेट्स एक लाख 20 हजार आई। इसके बाद परिजन समरीन को बराड़ा के मेडिकल कॉलेज में ले गए। वहां भर्ती करने के बाद समरीन की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। प्लेटलेट्स चढ़ाने के बावजूद पलेटलेट्स बढ़ने की बजाय कम होती चली गई। रविवार को उसे खून की उल्टी भी आई। मंगलवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे समरीन की प्लेटलेट्स मात्र 20 हजार रहने से उसकी मौत हो गई। समरीन के पिता अहमद मलिक ने बताया कि समरीन में डेंगू की पुष्टि हुई थी।