50 गांवों के लोग बिजली को तरसे
साढौली कदीम (सहारनपुर)। सलेमपुर गदा बिजलीघर से जुड़े करीब 50 गांवों के लोग बिजली के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि योगी सरकार गांवों में 18 घंटे बिजली दिए जाने के दावे कर रही है, लेकिन यहां तो चार-पांच घंटे ही बिजली मिल पा रही है। ग्रामीण ब्रिजेश कांबोज, मुकेश कुमार, संदीप कुमार, अजमेर सिंह, किरणपाल, सर्वेश कुमार, पदम शर्मा, इरशाद, अहसान, ताहिर, वकील अहमद आदि का कहना है कि भीषण गर्मी में घरों में बच्चे, महिलाएं एवं बुजुर्ग बुरी तरह व्याकुल है। बारिश न होने के कारण किसानों की फसलें भी सिंचाई को तरस रही हैं। ऐसे में इतनी भारी कटौती से उनका जीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था शीघ्र सुचारु किए जाने की मांग की है। इस संबंध में जेई अभय सिंह का कहना है कि कलसिया के बड़े बिजली घर से ही पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल पा रही है। वहां पर सप्लाई की एक मशीन खराब हो गयी है। ऐसे में बिजली का फिलहाल कोई शेड्यूल नहीं है।