सहारनपुर। पॉश एरिया आफिसर कॉलोनी सहित 29 इलाकों की बिजली आठ घंटे बाधित रही। इससे करीब एक लाख की आबादी को गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी है। शेखपुरा कदीम के मुख्य बिजलीघर, टीपीनगर बिजलीघर, हुसैन बस्ती बिजली घर से जुड़ी विद्युत तारों फाल्ट हुआ था।
रविवार रात करीब नौ बजे शेखपुरा बिजलीघर क्षेत्र में आईआईटी कैंपस के पास विद्युत लाइन पर पेड़ों की टहनियां गिर गई। तार टूटने से आवास-विकास बिजलीघर के क्षेत्र आफिसर कॉलोनी, बापूजी नगर, शंकरनगर, आवास-विकास, नवीनगर, पंत विहार विद्युत सप्लाई बाधित हो गई। करीब सात घंटे बाद बिजली आई। इसी तरह टीपीनगर बिजलीघर की लाइनों में शाम सात बजे फाल्ट हुआ। इससे चकहरेटी, पुष्पांजलि विहार, अमरदीप कॉलोनी, शांति नगर, जेल चुंगी सहित कई कॉलोनियों की बिजली गुल हो गई।
चार घंटे बाद विद्युत सप्लाई सुचारु हो सकी। इसके अलावा हुसैन बस्ती बिजलीघर क्षेत्र की लाइन में शाम छह बजे फाल्ट हुआ। इससे उत्तम विहार, कृष्ण कुंज कॉलोनी, श्री बद्रीधाम, हनुमान नगर, जान विहार, मोहित नगर, शिवपुरी, तोता चौक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि रात आठ घंटे बाद दो बजे बिजली आई है। वहीं, पुलखुमरान बिजलीघर के उपखंड अधिकारी रोबिन शर्मा दावा है कि मरम्मत कराकर एक घंटे बाद ही विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी गई थी।
यह बोले महानगरवासी :
- शाम छह बजे बिजली गई थी, जो रात दो बजे सुचारु हो सकी है। विद्युत निगम के अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया। - मनोज जैन, शिवपुरी कॉलोनी
- सात घंटे बाद बिजली आई। मोहल्ला नवीनगर के आधे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रही।सुनील शर्मा, एवन कॉलोनी, नवीनगर
- आठ घंटे बिना बिजली के परेशान होना पड़ा है। परेशान लोक हुसैन बस्ती बिजलीघर पर भी गए थे।-मनोज सैनी, निवासी तोता चौक
- बिजली सप्लाई बाधित होने से क्षेत्रवासी परेशान रहे। रात करीब सवा दो बजे बिजली आई है। पूजा सिंघल, निवासी मोहितनगर
शेखपुरा कदीम सहित दो से तीन बिजली घर में फाल्ट हुए थे, जिनको तत्काल प्रभाव से ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति को सुचारु करा दिया गया।
- एके कौशल, अधीक्षण अभियंता