संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पार्टी कार्यालय पर बृहस्पतिवार को भाजपा की बैठक होगी, जिसमें प्रदेश सरकार में मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और नगर निगम चुनाव प्रभारी मोहित बेनीवाल, प्रदेश मंत्री डाॅ. चंद्रमोहन शामिल होंगे, जो चुनाव को लेकर समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही महापौर पद के दावेदारों से भी मुलाकात करेंगे।
महापौर पद के लिए अभी तक 25 भाजपाई दावेदारी कर चुके हैं। टिकट पाने को इन्होंने पार्टी हाईकमान के शीर्ष नेताओं से भी संपर्क साधा है। पार्टी सूत्र बताते हैं कि कई दावेदार लखनऊ और दिल्ली की परिक्रमा भी कर रहे हैं, जो टिकट के लिए कोशिश में जुटे हैं। पार्टी 14 या 15 अप्रैल तक प्रत्याशी घोषित कर देगी। इसके साथ ही पार्षद पद के 70 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची भी जारी हो जाएगी। बृहस्पतिवार को होने वाली बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी शामिल होंगे।