सहारनपुर। जनपद में 221 परिवार ऐसे हैं, जिन्होंने बच्चों का टीकाकरण नहीं कराया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम क्षेत्र में पहुंची तो उन्हें बिना टीकाकरण के ही लौटना पड़ा। अब विभाग ने रणनीति बनाई है, इन क्षेत्रों में जिम्मेदार लोगों से बात कर बच्चों का टीकाकरण कराया जाएगा।
शून्य से पांच साल तक के बच्चों का नियमित टीकाकरण किया जाता है। बच्चों को निमोनिया, खसरा, रुबेला, काली खांसी, पीलिया, गलघोंटू, टिटनेस, पोलियो सहित 12 बीमारियों की रोकथाम का टीका लगाया जाता है। वैसे तो सप्ताह में बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण तो होता ही है, लेकिन जनपद में बच्चों को टीकाकरण करने के लिए विशेष अभियान चल रहा है। विशेष टीकाकरण तीन चरणों को पूरा होगा। पहला चरण खत्म हो गया। दूसरा चरण चल रहा है। महानगर के 16 मोहल्ले ऐसे हैं, जहां 221 परिवार अपने बच्चों का नियमित टीकाकरण नहीं करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची तो वहां से बैरंग ही लौटना पड़ा। बाद में टीकाकरण न कराने का पता लगाया तो सामने आया कि बच्चों में बुखार आने की वजह से परिवार टीका नहीं लगवा रहे हैं। अब विभाग इन परिवारों के बच्चों को नियमित टीकाकरण के लिए वहां के जिम्मेदार लोगों से बात करेगा, ताकि बीमारियों से बच्चों को बचाया जा सके।
ये हैं मोहल्ले
शंकरपुरी, अशोक विहार, न्यू आवास विकास, लेबर काॅलोनी, रामानंदी, अमन विहार, गढ़ी मलूक, खाताखेड़ी, कमेला काॅलोनी, आजाद काॅलोनी, चौकी सराय, नवाब गंज, हिम्मत नगर, माहीपुरा, न्यू गोपाल नगर, नेहरू मार्केट
महानगर के कुछ मोहल्ले ऐसे हैं, जहां पर परिवार के लोग अपने बच्चों का नियमित टीकाकरण नहीं करा रहे हैं। नियमित टीकाकरण होने से बच्चों को 12 प्रकार की बीमारियों से बचाया जा सकता है। ऐसे में विभाग वहां के जिम्मेदार लोगों से बात कर बच्चों का टीकाकरण कराएगा।
- डॉ. संजीव मांगलिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी