गंगोह (सहारनपुर)। अतिक्रमण हटाने गई नगरपालिका की टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने अभियान में पक्षपात पूर्ण रवैये का आरोप लगाते हुए एकतरफा अतिक्रमण हटाने की मांग की। विरोध बढ़ता देख टीम बिना किसी कार्रवाई के लौट गई। बृहस्पतिवार को अधिशासी अधिकारी कृष्ण मुरारी के नेतृत्व में नगरपालिका परिषद की टीम नानौता बस स्टैंड चौक पहुंची। टीम ने वहां बने पुलिस सहायता केंद्र के बराबर में तथा पीछे रखे खोखों को हटाने के लिए कार्रवाई आरंभ कर दी। टीम पर राजनीतिक कारण से उत्पीड़न करने और केवल दो खोखों को हटाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। सूचना पाकर सपा नेता इरफान अलीम कुरैशी, रालोद सभासद दानिश, पूर्व सभासद हारूण चौधरी आदि भी मौके पर पहुंच गए। इन्होंने टीम पर पक्षपात पूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पालिका एक तरफा अतिक्रमण हटाती है, तो उन्हें कोई ऐतराज नहीं है। यदि राजनीतिक कारणों से केवल विरोधियों के खोखे हटाए जा रहे हैं, तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। विरोध बढ़ता देख नगरपालिका की टीम लौट गई। टीम में स्वास्थ्य निरीक्षक नीरज कर्णवाल, काशिफ कद्दुशी, शाहनवाज, शारिक फरीदी आदि शामिल रहे।