सहारनपुर। सर्किट हाउस में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान अध्यक्षता कर रहे मंडलायुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने निवेशकों द्वारा हस्ताक्षरित एमओयू के प्रगति एवं मंडलीय उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक की। मंडलायुक्त ने उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान संयुक्त आयुक्त उद्योग अंजू रानी ने बताया कि मंडल में 10,090.34 करोड़ रुपये के 214 ओएमयू ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए तैयार हैं।
मंडलायुक्त ने सहारनपुर में पांच, मुजफ्फरनगर में चार और शामली में चार लंबित प्रकरणों की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। निर्देश दिए कि आज ही एसपी सिटी सहारनपुर के साथ बैठक कर पुलिस चौकी का लेआउट फाइनल कराएं। निवेश मित्र पोर्टल पर निर्धारित समय सीमा के बाद लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान संयुक्त आयुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि आगामी 10 दिन में निरंतर बैठक करते हुए लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाए। ऐसे एमओयू जिनमें भूमि उपलब्ध है, लेकिन जीबीसी के लिए तैयार नहीं है उनके लिए अलग से बैठक बुलाएं।
संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीमती अंजू रानी ने मंडलायुक्त को जानकारी दी कि मंडल के जनपद सहारनपुर में 2501.80 करोड़ के 102 एमओयू, मुजफ्फरनगर में 6414.79 करोड़ के 81 एमओयू और शामली में 1173.75 करोड़ धनराशि के 31 एमओयू ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए तैयार हैं। बैठक में विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष कुमार, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, अनूप खन्ना, रविंद्र मिगलानी, प्रियेश गर्ग, अनुपम गुप्ता आदि मौजूद रहे।