रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। खाद्य पदार्थों में मिलावट की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर एसडीएम के नेतृत्व में फूड विभाग की टीम ने कस्बे के बाजार में ताबड़तोड़ छापामारी की। टीम ने एक दूध डेयरी से पनीर व सरसों के स्पेलर से तेल के नमूने लिए। छापामारी की सूचना से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और लगभग पूरा बाजार बंद हो गया। एसडीएम संगीता के नेतृत्व में फूड इंस्पेक्टर रणधीर सिंह की टीम ने देवबंद रोड स्थित अकरम की दूध डेयरी पर छापामारी की जिसमें दूध का पाउडर बरामद किया। इससे पनीर बनाया जा रहा था। टीम ने सूखे दूध के पाउडर का नमूना लिया। इसके बाद टीम राकेश जैन के सरसों तेल के कारखाने पर पहुंचे। टीम ने सरसों के तेल के नमूने लिए। टीम की छापामारी की सूचना पर दुकानदार अपनी प्रतिष्ठान बंद कर भाग खड़े हुए। उधर, फूड इंस्पेक्टर रणधीर ने कहा कि उन्हें मिलावटी पदार्थों की शिकायत लगातार मिल रही है आगे भी उनकी छापेमारी जारी रहेगी।