बेहट (सहारनपुर)। भाजपा के बुनकर एवं कामगार प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक एवं उर्दू अकादमी के सदस्य एम आजाद अंसारी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति कर देश और समाज को बांटने का काम किया है। एक बार फिर कांग्रेस मुसलमानों को भाजपा, आरएसएस एवं हिंदुत्व का भय दिखाकर देश को फिर से विभाजित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब देश का मुस्लिम समुदाय समझ चुका है कि उनका असल दुश्मन भाजपा नहीं है, बल्कि कांग्रेस और अन्य दल है। मंगलवार को साढ़ोली कदीम में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जो 104 योजनाएं संचालित की है, उनका सर्व समाज के गरीब लोगों के लाभ मिल रहा है। इन योजनाओं से सर्वाधिक मुस्लिम समुदाय लाभांवित हुआ है। भाजपा जात पात और सांप्रदायिकता से ऊपर उठकर प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनाव में मुस्लिम समुदाय अपनी सूझबूझ और अच्छी मानसिकता का परिचय देते हुए भाजपा के हक में मतदान करेगा।