बेहट (सहारनपुर)। निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी समेत छह प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा कराए, जबकि वार्ड सभासद के लिए प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। भाजपा प्रत्याशी गुरु सिंह सैनी दल बल के साथ नामांकन करने तहसील मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला उपाध्यक्ष सोनेंद्र राणा, बेहट मंडल अध्यक्ष मुकेश राणा, अनिल सिंघल, सूर्यकांत राणा आदि नेताओं के साथ नामांकन पत्र जमा कराकर अपने दावेदारी पेश की। आप प्रत्याशी टीपू सुल्तान ने भी पार्टी नेताओं एवं समर्थकों के साथ नामांकन पत्र जमा किया। इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी हाजी अहसान कुरैशी के पुत्र अब्दुल रहमान ने पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री रह चुके लियाकत अली एडवोकेट एवं हाजी शेख अखलाक के साथ नामांकन जमा किया। बसपा से टिकट कटने पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे नफीस अहमद, अब्दुल कादिर एवं साजदा ने भी समर्थकों के साथ पर्चे दाखिल किए।