नागल। रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के नागल थाना क्षेत्र के गांव भाटखेड़ी निवासी 35 वर्षीय प्रताप सैनी पुत्र रामकला बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे पैसेंजर ट्रेन से सहारनपुर जा रहा था। जैसे ही वह नागल स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने लगा तो उसका पैर फिसल गया और वह प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच फंस गया। जब तक ट्रेन रुकती उसकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष जीआरपी ने बताया कि युवक के शव का पंचनामा भर परिजनों के अनुरोध पर बिना किसी कार्रवाई के उन्हें सौंप दिया गया। इसके बाद दोपहर बाद गमगीन माहौल में परिजनों ने युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।