चिलकाना (सहारनपुर)। शिवरात्रि पर्व पर संवेदनशील समझे जाने वाले गांव हरड़ाखेड़ी में संगीनों के साये में भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। बृहस्पतिवार दोपहर में गांव हरड़ाखेड़ी में हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लाने वाले दर्जनों शिवभक्त पिलखनी रोड स्थित शिव मंदिर पर एकत्र हुए। भारी पुलिस बल तथा पीएसी की देखरेख में शिवभक्त धार्मिक ध्वज एवं राष्ट्रीय ध्वज लेकर ढोल बजाते जुलूस की शक्ल में ग्राम देवता तथा माता के स्थान पर पहुंचे तथा यहां पर पवित्र गंगाजल चढ़ाया गया। इसके बाद कांवड़िए रविदास मंदिर तथा शिव मंदिर पहुंचे तथा वहां पर जलाभिषेक किया गया। जलाभिषेक के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जहां पर श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। जलाभिषेक कार्यक्रम को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सीओ सदर चोब सिंह, थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर नीरज सिंह सहित सहित खुफिया एवं राजस्व विभाग सहित भारी संख्या में पुलिस तथा पीएसी मौजूद रही। शांतिपूर्वक जलाभिषेक होने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।