सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जिला सहारनपुर के पदाधिकारियों ने वाणिज्य कर विभाग की एक डिप्टी कमिश्नर की शिकायत जिला प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही से की। आरोप लगाया कि डिप्टी कमिश्नर द्वारा किए गए व्यापारियों के उत्पीड़न और भ्रष्टाचार की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर की गई थी। जांच में उक्त अधिकारी दोषी पायी गई। आरोप है कि इस अधिकारी ने सरकार के एक बड़े अधिकारी से मिलकर जांच रिपोर्ट को दबा दिया। इसके बाद से कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रतिनिधि मंडल ने जिला प्रभारी मंत्री से कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष सुभाष सिंघल, संयोजक राजीव नामदेव, महानगर अध्यक्ष रोहित घई, नगर अध्यक्ष नानौता सतीश चावला, मुकेश पराशर, सतीश गर्ग, भारत चावला मौजूद रहे।