गंगोह (सहारनपुर)। सड़क पर भरे पानी में करंट आने से उसकी चपेट में आए एक बैल की मौत हो गई। दहशत में आए चालक ने बुग्गी छोड़ भाग कर जान बचाई। नगर में पिछले तीन दिन से हो रही बारिश से निचले क्षेत्रों में पानी भरा रहता है। नगर में कई खंभों में भी करंट आया रहता है इस कारण अब से पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। बिजली विभाग नेे इन हादसों के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। बुधवार को बारिश के बाद सैयद वाजिद हसन मार्ग पर पानी भर गया। पानी से गुजर कर एक बोगी चालक जा रहा था उस समय अन्य कोई नहीं था। बिजली आपूर्ति आ जाने के बाद खंभे के जरिए पानी में करंट आ गया। करंट की चपेट में बोगी में लगा बैल आ गया तथा वहीं गिर कर उसने जान दे दी। यह हादसा देख कर चालक भी दहशत में आ गया और वह बोगी छोड़ कर भाग निकला। इसके बाद लोगों में रोष व्याप्त हो गया। काफी देर तक वहां कोई नहीं पहुंचा। आपूर्ति बंद होने के बाद भी बैल वहीं पड़ा रहा जिससे आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम के समय नगर पालिका द्वारा बैल को मौके से हटवाया गया।