हर्षोल्लास से बकरीद मनाने की अपील
नकुड़। एसडीएम युगराज सिंह ने कहा कि बकरीद के त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए दोनों समुदाय का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी से एक दूसरे की भावनाओं का ख्याल रखने तथा इस दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाये रखने की अपील की। बकरीद के मद्देनजर रविवार को कोतवाली में आयोजित शांति समिति की बैठक में एसडीएम ने कहा कि सभी धर्मों के लोगों को एक दूसरे के पर्व का आदर करते हुए शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न देने तथा साफ -सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की। एसडीएम ने कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों को खुले में न डालने तथा मांस को ढक कर ले जाने की अपील भी की। सीओ यतेंद्र ने कहा कोई भी घटना घटित होने पर तुरंत इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की। पालिका चेयरमैन शाहनवाज खान ने नगर में बेहतर सफाई व्यवस्था व पेयजल आपूर्ति कराने का आश्वासन दिया। कोतवाल मुकेश कुमार गौतम ने शांति व्यवस्था को बनाये रखने के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की। पालिका के प्रभारी ईओ राजीव जैन, प्रधान गजेसिंह, मदन गोपाल सांपला, भूरा प्रधान, शब्बू प्रधान, हाजी याकूब कुरैशी, शिवचरण वर्मा, पालिका लिपिक सुशील सैनी, सभासद शमशाद खान, अर्सलान खान, जुनैद असगर आदि रहे।