बेहट (सहारनपुर)। आगामी 22 एवं 23 अप्रैल को वैशाख शुक्ल पक्ष की अष्टमी को शाकंभरी देवी सिद्धपीठ परिक्षेत्र में स्थित सिद्ध पीठ माता बग्लामुखी का जन्म उत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। माता बग्लामुखी मंदिर के व्यवस्थापक पंडित प्रमोद शर्मा ने बताया कि आगामी 22 अप्रैल को मंदिर में रात में माता का जागरण एवं गुणगान, अगले दिन 23 अप्रैल की सुबह 5 बजे विश्व कल्याण के लिए पांच कुंडीय महायज्ञ किया जाएगा। इसके बाद 7:30 बजे भंडारा शुरू होकर शाम 5:00 बजे तक चलेगा। उन्होंने बताया कि मां बग्लामुखी का जन्म वैशाख शुक्ल पक्ष की अष्टमी को सौराष्ट्र में स्थिति हरिद्रा सरोवर के तट पर हुआ था। माता बग्लामुखी की स्तुति करने से राजदरबार में विजय प्राप्ति, न्यायालय मुकदमे में विजय प्राप्ति, विशेषत शत्रु नाश, रोग नाश एवं प्रेतबाधा आदि समस्याएं मां की स्तुति करने से समाप्त होती हैं। उन्होंने बताया कि यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, लंदन, हिमाचल, साउथ अफ्रीका, कैलगरी कनाडा आदि स्थानों से दूर-दूर से भक्त मां के दर्शनों एवं भंडारे में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल से आगामी सोमवार 23 अप्रैल तक दूर से आए हुए विद्वान ब्राह्मणों द्वारा मां का विशेष अनुष्ठान भी मंदिर क्षेत्र में किया जा रहा है।