गंगोह (सहारनपुर)। राजस्व विभाग ने कुरैशियान-गुजरान सीमा पर स्थित तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कार्रवाई आरंभ कर दी है। बृहस्पतिवार को टीम द्वारा तालाब की नाप-तौल की गई। नगर के कुरैशियान-गुजरान सीमा पर करीब 33 बीघा का तालाब अतिक्रमण के चलते अब मात्र चार या पांच बीघा ही रह गया है। पूर्व में भी कई बार तालाब की नाप-तौल कर निशानदेही तक कर दी गई। लेकिन इससे आगे आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। भाजपा सरकार बनने के बाद एक बार फिर से सरकारी जमीनों और तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कार्रवाई आरंभ की गई है। बृहस्पतिवार को कानूनगो राहुल सिंह के नेतृत्व में लेखपाल सुरेंद्र कुमार, वीर सैन, नीरज आदि की टीम अधिकारियों के निर्देश पर उक्त तालाब पर पहुंची। टीम ने तालाब की पैमाईश कर अतिक्रमण कर्ताओं की पहचान की। लेखपाल सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पैमाइश की रिपोर्ट बनाकर तहसीलदार को दी जाएगी। अधिकारियों के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई होगी।