राशन की दुकान के आवंटन को लेकर हंगामा
- ग्रामीणों के विरोध के बीच बैठक स्थगित
छुटमलपुर (सहारनपुर)। राशन की दुकान के आवंटन के लिए बुलाई गई खुली बैठक हंगामे के चलते स्थगित कर दी गई। इसके बाद आवंटन कराने आए अधिकारी बिना किसी कार्रवाई के बैरंग लौट गए। पास के गांव नानका में राशन की दुकान के आवंटन के लिए शनिवार को एडीओ पंचायत पुंवारका देवेंद्र त्यागी, पंचायत सचिव इसलामुद्दीन पहुंचे थे। दुपहर दो बजे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जाकिर अंसारी की मौजूदगी में आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई। तय किया गया आवंटन स्थल बनाए गए गांव के प्राथमिक स्कूल में उसे ही प्रवेश दिया जाएगा जो अपनी आईडी दिखा सकेगा। कर्मचारी आईडी देख कर ही अंदर आने दे रहे थे। इसी दौरान गांव की एक युवती ने आईडी दिखाकर अंदर आने का प्रयास किया जिसे एक दावेदार के समर्थकों ने रोक दिया। इसे लेकर हंगामा हो गया। दो पक्षों में हाथापाई हो गई। एक पक्ष ने बताया कि युवती की शादी डेढ़ साल पूर्व हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। इसके बाद एडीओ ने बैठक स्थगित कर दी। एडीओ देवेंद्र त्यागी ने बताया कि फिर से बैठक बुलाई जाएगी। इस पर पुलिस की मौजूदगी में आवंटन प्रकिया संपन्न कराई जाएगी।