सहारनपुर। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के अभियान में 18 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद जनपद की सड़कों की हालत नहीं सुधरी। 30 नवंबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करना था, मगर लोक निर्माण विभाग सभी सड़कों को ठीक नहीं करा पाया। हालांकि विभाग का दावा है कि लक्ष्य शत प्रतिशत पूरा कर लिया है, लेकिन जब इसकी पड़ताल की गई तो पता चला कि जिले की कई सड़कों के गड्ढे अभी तक भरे नहीं जा सके हैं। इनमें से कुछ पर तो विभाग ने निर्माण सामग्री डाल कर औपचारिकता पूरी कर ली है। हैरत की बात तो यह है कि लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह के विधानसभा क्षेत्र की सड़कें के गड्ढ़े भी नहीं भरे गए। क्षतिग्रस्त सड़कों पर आए दिन हादसे भी हो रहे हैं।
टूटी सड़कों पर चलने को मजबूर लोग
तल्हेड़ी बुजुर्ग-शाहपुर मार्ग करीब 700 मीटर टुकड़ा तीन साल से गड्ढों में तब्दील पड़ा है। देवबंद-मकबरा व भन्हेड़ा मार्ग का दिवालहेड़ी तक पांच किमी का हिस्सा दो साल से खस्ताहाल है। तल्हेड़ी बुजुर्ग चंदेना मार्ग करीब छह किमी और चंदेना-घ्याना मार्ग का तीन किमी हिस्सा क्षतिग्रस्त है, लेकिन विभाग इनकी सुध नहीं ले रहा है। हालांकि राज्यमंत्री बृजेश सिंह का कहना है कि टूटी सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। जल्द ही निर्माण कार्य भी आरंभ हो जाएगा।
शहीद मार्ग के गड्ढे भरने में की लीपापोती
साढ़ौली कदीम क्षेत्र के अमर सपूत कारगिल शहीद बिंदरपाल सिंह के नाम पर बनाई गई 12 किमी लंबी नानौली पठेड़ सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है। लोनिवि ने मार्ग के कुछ हिस्से को गड्ढा मुक्त कर औपचारिकता पूरी कर दी। पंद्रह दिन पहले पठेड़ से कांसेपुर तक सड़क के गड्ढों को भरा गया था। उसके बाद सुध नहीं ली। सड़क पर डाली गयी बजरी से कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
राज्य मंत्री के क्षेत्र की सर्विस रोड बदहाल
बड़गांव में शिमलाना सिसौनी मोड़ से आगे सर्विस मार्ग की सुध नहीं ली गई है। चिराऊ, बहेड़ा, मुश्कीपुर, रत्नहेड़ी, नन्हेड़ा खुर्द, नन्हेड़ा कला, पीपलों, लुकादड़ी, भटपुरा, कल्लनहेड़ी आदि के ग्रामीणों का यह मुख्य मार्ग है। छह किमी सड़क पर गड्ढों की अंतहीन शृंखला है जिसे नहीं भरा गया है, जबकि यह मार्ग प्रदेश सरकार के लोनिवि राज्य मंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में आता है।
गंगोह- करनाल रोड पर काम अधूरा
गंगोह गुड़छप्पर मार्ग पर स्थित पांच विद्यालयों के करीब छह हजार बच्चे प्रतिदिन टूटी सड़क से होकर गुजरने को मजबूर हैं। दो दिन पूर्व गड्ढों में पत्थर तो डाले गए, लेकिन मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया। पत्थर डलने से राहगीरों को और अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। यूपी को हरियाणा से जोड़ने वाले गंगोह दौलतपुर करनाल मार्ग अभी भी अधूरा है। इस पथरीली सड़क पर दिन भर वाहन धूल उड़ाते दौड़ते हैं।
विभाग ने करीब 18 करोड़ के बजट से जिले की सड़कों को गड्ढा मुक्त किया है। इस दौरान मिले लक्ष्य में 784.54 किलोमीटर सड़कों पर पैच मरम्मत का कार्य कराया है। विशेष मरम्मत में 107.83 किलोमीटर सड़कों का काम 81 प्रतिशत करा लिया है, बाकी पर काम जारी है, जिसे जल्द पूरा कराया जाएगा।
- बालेेंद्र, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग सहारनपुर
कारगिल शहीद बिंदरपाल मार्ग पर पड़ी बजरी- फोटो : SAHARANPUR
अधूरा पड़ा गंगोह करनाल मार्ग- फोटो : SAHARANPUR
गड्ढों में तब्दील तल्हेडी बुजुर्ग शाहपुर मार्ग- फोटो : SAHARANPUR
बड़गांव क्षेत्र में खस्ताहाल पड़ी सर्विस रोड- फोटो : SAHARANPUR