सहारनपुर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण अभियान के तहत जनपद में अब तक 17379 नए मतदाता बढ़े हैं। अभियान के तहत 31984 फार्म-छह भरे गए, साथ ही 9190 मृतक, शिफ्टेड 2337 और 3078 डुप्लीकेट वोट पाए गए।
जनपद में विधानसभा मतदाता पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इसमें नए मतदाता जोड़ने, नाम संशोधन, के साथ ही मृतक, शिफ्टेड और डुप्लीकेट मतदाता के नाम हटाने का कार्य किया जा रहा है। 27 अक्तूबर से 27 नवंबर तक 31984 फार्म-6 जमा किए गए। इनमें 18-19 वर्ष के युवाओं ने 12306 फार्म भरे गए। इसमें 15944 महिलाएं और 20 दिव्यांग शामिल हैं। अभियान के दौरान अब तक जनपद में 9190 मतदाता मृतक पाए गए।
2337 मतदाता कही ओर शिफ्ट हो गए हैं, साथ ही 3078 मतदाताओं के नाम डुप्लीकेट पाए गए। मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावालियों से हटाए जा रहे हैं। अभी दो और तीन दिसंबर को भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर शिविर लगाए जाएंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी हरिकृष्ण शर्मा ने बताया कि 26 दिसंबर तक दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी को किया जाएगा।