गंगोह (सहारनपुर)। गांव ठोल्ला फतेहपुर के जूनियर हाईस्कूल में अध्यापकों की कमी के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्राम प्रधान ने बीएसए को पत्र देकर स्कूल में अध्यापक नियुक्त करने की मांग की है। ग्राम प्रधान देशराज ने बीएसए को पत्र भेजकर बताया कि गांव के जूनियर हाईस्कूल में 43 बच्चे शिक्षा ग्रहण करने जाते हैं। स्कूल में एक मात्र अध्यापक ही नियुक्त है। इसी अध्यापक को मिड-डे मील के अलावा बीएलओ का काम भी देखना पड़ता है। जिससे अध्यापक को बच्चों को पढ़ाने का समय तक नहीं मिल पाता। पत्र में बताया कि इससे पूर्व भी अनेक बार वह इस समस्या से विभाग को अवगत करा चुके हैं। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नही हुई है। उन्होंने बच्चों की शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा के लिए स्कूल में और अध्यापकों की नियुक्ति करने की मांग की है।