देवबंद (सहारनपुर)। अखिल भारतीय क्षत्रिय युवा महासभा ने पद्मावती फिल्म में रानी पद्मावती के चरित्र के साथ छेड़छाड़ किए जाने पर विरोध प्रकट किया है।
भायला खुर्द में महासभा की बैठक में जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह और महासचिव संदीप प्रताप सिंह ने कहा कि फिल्म में रानी पद्मावती को नाचते और गाते हुए दिखाया जाना सही नहीं है। इससे अराजकता का माहौल उत्पन्न हो सकता है। ब्रिजेश पुंडीर ने कहा कि फिल्म क्षत्रिय समाज को बांटने का काम करेगी इसलिए उसके प्रदर्शन पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत एक हिंदू राष्ट्र है हिंदुओं का अपमान सहन नहीं करेंगे। सरकार को चाहिए कि वह फिल्म को संशोधित कराकर उसका प्रदर्शन कराए। कुलदीप पुंडीर ने कहा कि स्त्री जाति के अपमान को अब कोई भी हिंदुस्तानी सहन नहीं करेगा। यदि सेंसर बोर्ड आपत्तिजनक चित्रों को फिल्म से नहीं हटाता है तो यूपी में फिल्म को प्रदर्शन सिनेमाघरों में नहीं होने दिया जाएगा। फिल्म के निर्माता निर्देशक को चाहिए कि देश और समाज के हित को ध्यान में रखकर फिल्मों का निर्माण करे, क्योंकि फिल्म का प्रभाव सीधे समाज पर पड़ता है। सेंसर बोर्ड को फिल्म के प्रदर्शन से पहले उसके सकारात्मक और नकारात्मक प्रभाव का आंकलन जरूर करना चाहिए। इस मौके पर विजयवीर सिंह, लोकेंद्र सिंह, राजीव पुंडीर, सुधीर कुमार, दिनेश पुंडीर, मान सिंह, सत्य केतु, अनित कुमार, सोमपाल सिंह आदि रहे।