नकुड़ (सहारनपुर)। केएलजीएम इंटर कालेज की पूर्व प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक पर एक पक्ष से साज कर प्रबंध समिति की पुरानी प्रशासन योजना के अनुसार चुनाव की घोषणा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने चुनाव अधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति को रद्द कर शासन के अनुसार नई आदर्श नियमावली से चुनाव न कराये जाने पर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। केएलजीएम इंटर कालेज प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष शिवचरण शर्मा व पूर्व प्रबंधक सरस गोयल आदि ने डीएम आलोक पांडेय को सौंपे शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि कालेज की प्रबंध समिति के चुनाव हेतु नियमानुसार समिति के पूर्व पदाधिकारियों के संज्ञान के बिना ही एक पक्ष को लाभ पहुंचाने हेतु चुनाव प्रक्रिया संचालित की जा रही है। बताया कि नियमानुसार समिति के पूर्व पदाधिकारियों से सदस्यता पंजिका आदि की मांग करने के उपरांत मतदाता सूची का सार्वजनिक करके उसे अंतिम रूप दिया जाना जरूरी था, परंतु ऐसा न करके विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा प्रस्तुत एक पक्षीय व अधूरी मतदाता सूची को ही अंतिम रूप देकर चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। प्रतिनिधि मंडल ने जिला विद्यालय निरीक्षक व प्रधानाचार्य पर शासनादेश के विपरीत अवैध मतदाता सूची का निर्माण कर चुनाव में एक पक्ष को लाभ पहुंचाने, विगत समय से कार्यरत अध्यापिकाओं का प्रधानाचार्य द्वारा आर्थिक व मानसिक शोषण करने, विद्यालय की मातृ संस्था संपत्ति से किराये की धनराशि प्राप्त करने हेतु संस्था के पदाधिकारियों को रोके जाने आदि के आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है तथा समस्याओं का समाधान न होने पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर अनिश्चितकालीन अनशन की चेतावनी दी है। उधर, विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश गुप्ता ने आरोपों को निराधार बताते हुए नियमानुसार चुनाव प्रक्रिया होने की बात कही है।