कल्याण सिंह ने अपने सिद्धांतों से कभी नहीं किया समझौता
देवबंद (सहारनपुर)। राजस्थान के राज्यपाल एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जन्मदिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर उनके दीर्घायु होने की ईश्वर से कामना की। शिक्षक नगर में कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शशी त्यागी ने कहा कि भारत की राजनीति में अपने द्वारा कड़े निर्णय लेने के लिए जाने गए कल्याण सिंह ने देश में हिंदुत्व को धार देकर उत्तर प्रदेश से जंगलराज का खात्मा किया था। डॉ. चंदन सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह किसानों के मसीहा के रूप में स्थापित हैं। पूरे प्रदेश में उनका जन्मदिन किसान दिवस के रूप में मनाया गया। उन्होंने कहा कि गन्ना भुगतान को लेकर जब किसानों ने आंदोलन किया तो उन्होंने मिल मालिक को जेल की हवा तक खिला दी और 42 घंटे के अंदर किसानों का भुगतान करा दिया था। कल्याण सिंह ने कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। इस मौके पर ओमपाल सिंह, उमा चौधरी, बिट्टू चौधरी, अजय तंवर, सुधा शर्मा, अमित चौधरी, अर्जुन सिंघल, रोहित भटनागर, सौरभ वाल्मीकि, साजन, खेमकरण कश्यप आदि रहे।