स्काउट शिविर में दिलाई स्वच्छता की शपथ
बड़गांव (सहारनपुर)। बीएनडी इंटर कॉलेज जड़ौदा पांडा में स्काउट गाइड का तीन दिवसीय तृतीय सोपान शिविर रविवार को आयोजित किया गया। इस मौके पर विभाग की ओर से अनिल कुमार भारद्वाज, दीपमाला और विद्यालय की ओर से स्काउट एवं गाइड प्रभारी राजेश कुमार और अध्यापिका पूनम त्यागी ने संयुक्त रूप से छात्र छात्राओं को प्रशिक्षण दिया। इसके बाद उन्होंने प्रतिभागियों को टेंट बनाना, स्वच्छ भारत अभियान के तहत व्यक्तिगत स्वच्छता, घर-पड़ोस और गांव को साफ स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। स्काउट और गाइड शिविर के प्रतिभागियों को शपथ दिलाते हुए बताया गया कि गांव में खुले में शौच न करे और न ही करने दें। पर्यावरण को शुद्ध बनाने में सरकार की मदद करें। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जैनेंद्र कुमार सहित समस्त विद्यालय स्टाफ सहित छात्र-छात्राओं में शिवानी, दीपा, सुचित्रा, तानिया, कन्हैया, मुकुल, शेखर आदि ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।