फर्जी राशन कार्डों की जांच करने की मांग
सहारनपुर। फर्जी राशन कार्डों सहित अन्य मामलों की जांच करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश व्यापारी उद्योग बंधु व्यापार मंडल ने सोमवार को जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। सोमवार को दिए ज्ञापन में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि केशव नगर स्थित एक सरकारी राशन डिपो होल्डर के यहां करीब 80 प्रतिशत बीपीएल और अंत्योदय के कार्ड फर्जी हैं। इसके चलते डिपो होल्डर सरकारी योजना में मिलने वाला गेहूं, चावल और मिटटी का तेल आदि की कालाबाजारी कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत पर पूर्व में हुई जांच में भी मिलीभगत से हकीकत को छिपा लिया गया। उन्होंने राशन कार्डों के सही सत्यापन की मांग की। इस दौरान शाहिद अंसारी, नाथीराम पठेडिया, नदीम, मौहम्मद हारून, आजाद अहमद, रियाज सिददीकी, सलीम अख्तर, अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।