खंभे पर गिरा पेड़, बिजली आपूर्ति बाधित
चिलकाना (सहारनपुर)। बारिश के कारण सड़क किनारे खड़ा एक पुराना पेड़ अचानक गिर गया। इससे सहारनपुर-चिलकाना मार्ग पर आवागमन अवरुद्ध हो गया।
बृहस्पतिवार करीब चार बजे गांव कातला के पास सड़क के किनारे खड़ा तून का पेड़ ग्यारह हजार की विद्युत लाईन पर गिर गया। विद्युत लाईन पर पेड़ गिरने से खंभा टूट गया और पेड़ सड़क के बीचों बीच आ गया। पेड़ गिरने से सहारनपुर-चिलकाना मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन अवरुद्ध हो गया और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों को बुलवाकर पेड़ को सड़क से हटवाया। इसके बाद ही यातायात चालू हो सका। उधर दो दिन से हो रही वर्षा से किसानों ने राहत की सांस ली है। क्षेत्र में धान की रोपाई ने गति पकड़ ली है। जगह-जगह किसान धान की पौध रोप रहे हैं। कुछ गांवों में वर्षा के पानी के भराव के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।