प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर जुर्माना करते निगम अधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नगर निगम ने अभियान चलाते हुए जनता रोड के एक गोदाम से काफी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक व प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद की और दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया। गोदाम के अलावा पांच अन्य दुकानदारों पर भी प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर छह हजार का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम की टीम ने प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बी एस नेगी के नेतृत्व में जनता रोड व माहीपुरा चौक पर सिंगल यूज प्लास्टिक व प्रतिबंधित पॉलीथिन के विरुद्ध अभियान चलाया। एक गोदाम और 15 दुकानों पर छापे मारे गए। जनता रोड स्थित गोदाम से काफी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक व प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद हुई। प्रवर्तन दल प्रभारी ने गोदाम स्वामी को चेतावनी देते हुए दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा पांच दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद की। सभी दुकानदारों पर छह हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान सफाई निरीक्षक राजेश कुमार, प्रवर्तन दल के नरेश चंद, हेमराज सिंह, रणदीप, शिवकुमार व प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।