सहारनपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर परिवहन निगम ने कमर कस ली है। कांवड़ यात्रा के दौरान दोनों बस स्टैंड पर बसों के संचालन की कमान 16 कर्मचारी संभालेंगे। शिफ्टवार ड्यूटी लगा दी गई है। वहीं, हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून रूट पर 177 बसें अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित होंगी।
22 जुलाई से कांवड़ यात्रा आरंभ हो जाएगी। हरिद्वार से गंगाजल लेकर सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के विभिन्न मार्गों से होते हुए अपने गंतव्य मेरठ, हरियाणा व हिमाचल प्रदेश जाएंगे। इसे देखते हुए परिवहन निगम ने सहारनपुर, छुटमलपुर, मुजफ्फरनगर और खतौली डिपो की बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं, जो 22 जुलाई से दो अगस्त तक प्रभावी रहेंगे। बसों का संचालन कराने के लिए दिल्ली रोड कांशीराम काॅलोनी व मानकमऊ बस स्टैंड पर 16 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। दोनों बस स्टैंड पर दो-दो प्रभारी रहेंगे, जिनकी ड्यूटी सुबह दस से शाम छह बजे रहेंगी, जबकि अन्य कर्मचारी सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक और दो बजे से रात दस बजे तक ड्यूटी करेंगे।
इनके अलावा रात दस बजे से सुबह छह बजे तक भी कर्मचारी तैनात रहेंगे। क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में कंट्रोल रूम रहेगा, जिसके प्रभारी राकेश कुमार को बनाया है। कंट्रोल रूम में 31 कर्मचारी तीन शिफ्टों में ड्यूटी करेंगे।
किस रूट पर कितनी बसें लगाएंगी अतिरिक्त फेरे
रूट बस
दिल्ली-हरिद्वार 26
दिल्ली-ऋषिकेश 20
दिल्ली-देहरादून 47
सहारनपुर-हरिद्वार 30
मुजफ्फरनगर-हरिद्वार-ऋषिकेश 30
सहारनपुर-देहरादून 24
कांवड़ यात्रा के दौरान रोडवेज बसों का संचालन कैसे और कहां से करना है, इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इसके साथ ही बस स्टैंड पर कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी है, ताकि बसों का संचालन बेहतर हो सके।
- योगेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम