सहारनपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सहारनपुर के अध्यक्ष डाक्टर सुनील कुमार शर्मा और सचिव डाक्टर प्रशांत खन्ना ने बताया कि पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एनआरएस मेडिकल कॉलेज में डाक्टर पर हुए हमले के विरोध में 17 जून को सुबह छह बजे से 18 जून सुबह छह बजे तक स्वास्थ्य सेवाएं (ओपीडी, प्रयोगशाला, रेडियोलॉजी सेवाएं) बंद रहेंगी। उन्होंने बताया कि यह निर्णय इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के निर्देश पर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान आईएमए सहारनपुर के सभी सदस्यों को अपने प्रतिष्ठान बंद रखने हैं। इस अवधि के दौरान केवल आपातकालीन सेवाएं प्रदान की जा सकती हैं। वहीं, इस मुद्दे पर चर्चा के लिए 17 जून को सुबह 10 बजे आईएमए भवन में आम सभा की जाएगी।