बेहट (सहारनपुर)। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर शिवालिक पहाड़ियों में मोड़ पर सड़क के किनारे पर हुए कटाव का लोनिवि द्वारा भराव नहीं किए जाने से आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी आंखें बंद किए बैठे हैं। ग्रामीणों ने डीएम से उक्त सड़क के किनारे हुए कटाव को ठीक कराने की मांग की है। डीएम को भेजे हुए पत्र में गंदेवड़ के प्रधान विश्वास चौधरी, सुभाष चौधरी, संजय गुप्ता, मिर्जापुर निवासी अकरम, इंतजार अहमद, मुस्तकीम आदि ने लिखा है कि हाईवे पर बादशाही बाग से लगभग 1.5 किमी आगे तीसरे घूम पर सड़क के किनारे पर सड़क दोनों तरफ से धंस गई है। धंसे हुए दोनों साइड के किनारों के नीचे की तरफ बड़ी गहरी खाई है।। इस घूम पर अक्सर सामने से आ रहे दूसरे वाहन को बचाते हुए कई वाहन नीचे गहरी खाई में गिर चुके हैं। इससे कई दुर्घटनाएं हो चुकी है। लोनिवि अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक सूचित किए जाने के बाद भी धंसे हुए किनारों को सही नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वैसे तो इस सड़क की चौड़ाई को पहले ही काफी कम रखा गया है और बादशाही बाग से उत्तरांचल की सीमा तक पूरी सड़क के किनारे धंस गए है परंतु इस किनारे पर अक्सर कोई न दुर्घटना होती ही रहती है।